
इंदौर। गाड़ी नंबर अपना, लेकिन नंबर प्लेट पर भौकाल दिखाने का अंदाज कुछ ऐसा कि कानून की नजर में आते ही पूरा खेल बिगड़ गया! मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दोपहिया वाहन चालक ने अपनी नंबर प्लेट पर लिखे अंकों MP09ED 6114 को फैंसी अंदाज में इस तरह तोड़-मरोड़कर लिखवाया था कि वह ‘बाप’ नजर आने लगा। सड़क पर शायद यह नंबर प्लेट रौब झाड़ रही थी, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की नजर पड़ी तो सारा स्टाइल भारी पड़ गया। यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर चालक का 6,300 रुपये का चालान काट दिया।
नंबर प्लेट पर ‘बाप’ लिखकर दिखा रहा था भौकाल!
मामला मंगलवार का है। यातायात पुलिस जोन-3 के टीआई अरविंद दांगी शहर में यातायात व्यवस्था का जायजा लेने निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर एक दोपहिया वाहन पर पड़ी। वाहन की नंबर प्लेट पर दर्ज वास्तविक नंबर MP09ED 6114 को अंकों की बनावट और फैंसी स्टाइल से इस तरह लिखा गया था कि वह ‘बाप’ पढ़ाई दे रहा था। टीआई ने तत्काल वाहन को रुकवाया और चालक से नंबर प्लेट के मानकों को लेकर पूछताछ की। पहली नजर में नंबर प्लेट का अंदाज भले ही चालक को आकर्षक लग रहा हो, लेकिन यातायात पुलिस के लिए यह नियमों का सीधा उल्लंघन था।
पहले दी सफाई, फिर मान ली गलती!
पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही चालक ने सफाई दी कि नंबर प्लेट पर तो वही रजिस्ट्रेशन नंबर MP09ED 6114 लिखा है। लेकिन टीआई ने समझाया कि नंबर प्लेट पर अंकों को तोड़-मरोड़कर, फैंसी डिजाइन या ऐसे तरीके से लिखना प्रतिबंधित है, जिससे वाहन की पहचान करने में परेशानी हो। समझाइश के बाद चालक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद अमानक एवं फैंसी नंबर प्लेट सहित अन्य यातायात उल्लंघनों के लिए उस पर 6,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
स्टाइल के चक्कर में जेब पर पड़ा भारी!
इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया कि वाहन की नंबर प्लेट कोई फैशन शो का बोर्ड नहीं है। उस पर निर्धारित मानकों के अनुसार स्पष्ट और पढ़ने योग्य रजिस्ट्रेशन नंबर होना जरूरी है। सड़क पर ‘बाप’ लिखकर भौकाल दिखाने की कोशिश भले ही कुछ देर के लिए आकर्षक लगे, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की नजर में आते ही इसका हिसाब हजारों रुपये में चुकाना पड़ सकता है।



