महासमुंद में 77.620 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार, 48.95 लाख का माल बरामद

महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 77.620 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास एक आयशर माजदा ट्रक को रोककर तलाशी ली। वाहन से तीन बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा मिला। मामले में महाराष्ट्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था गांजा
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गेरुआ रंग के आयशर माजदा प्रो 3019 ट्रक क्रमांक MH 45 AE 9708 में गांजा भरकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रेहटीखोल के पास नाकेबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रक मौके पर पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसके डाले में रखी तीन बोरियों से 77.620 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के सोनपुर जिले से लोड किया गया था और इसे महाराष्ट्र के शोलापुर जिले ले जाया जा रहा था।
गांजा, ट्रक और मोबाइल सहित 48.95 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने बरामद 77.620 किलोग्राम गांजे की कीमत 38 लाख 81 हजार रुपये आंकी है। तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा ट्रक की कीमत 10 लाख रुपये और दो मोबाइल फोन की कीमत 14 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 48 लाख 95 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
महाराष्ट्र के दो आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने गणेश शिंदे (35), निवासी आवडी, थाना मोहड, जिला शोलापुर और रविराज बालू सुडके (19), निवासी भिकवडी आडगांव, थाना विट्टा, जिला सांगली, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 142/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) के तहत कार्रवाई की है।
गांजा तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस गांजे के स्रोत और इसे खरीदने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।



