चलती डिजायर कार में लगी आग, चालक समेत दो ने कूदकर बचाई जान वाहन जलकर राख…

बेमेतरा । नगर पालिका के पास आत्मानंद स्कूल के सामने सोमवार रात करीब 10 बजे चलती डिजायर कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी कार उसकी चपेट में आ गई और वाहन जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।बताया जा रहा है कि कार में चालक जितेश साहू और विनय शर्मा सवार थे। आग लगते ही चालक ने कार रोक दी। दोनों समय रहते वाहन से बाहर निकल गए और अपनी जान बचाई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।कार चालक गीतेश साहू ने बताया कि वे दुकान से कार लेकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक कार में आग लग गई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। फिलहाल आग की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।



